Bhagalpur में जनाजे के दौरान 11,000 वोल्ट का करंट लगा, सरपंच समेत 10 लोग गंभीर रूप से झुलसे

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर में एक पूर्व मुखिया के जनाजे के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कब्रिस्तान जा रहे लोगों की भीड़ 11,000 वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली की चपेट में आ गई। इस घटना में करीब 30 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए, जिन

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर में एक पूर्व मुखिया के जनाजे के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कब्रिस्तान जा रहे लोगों की भीड़ 11,000 वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली की चपेट में आ गई। इस घटना में करीब 30 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए, जिनमें से 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

हादसे में सरपंच अल्ताफ इमरान की हालत बहुत नाजुक बनी हुई है। उनके अलावा 13 साल के मो. खुशहाल, 13 साल के मो. शाहबाज खान और 32 साल के मो. अफरोज भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज मायागंज अस्पताल (JLNMCH) में चल रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पावर सब-स्टेशन को खबर की, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां बिजली के तार कई महीनों से नीचे लटके हुए थे। साथ ही एक भारी ट्रांसफार्मर भी सड़क के बिल्कुल करीब लगा था, जिससे खतरा हमेशा बना रहता था। ग्रामीणों के मुताबिक विभाग को इसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई मरम्मत नहीं कराई गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। अधिकारी घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच हो और लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।