Bhagalpur में कोरोना की वापसी, बुजुर्ग और बेटी संक्रमित; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले में कोरोना वायरस ने एक बार फिर दस्तक दी है। यहां के लालूचक इलाके में रहने वाले एक 65 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी बेटी की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई है। बुजुर्ग की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले में कोरोना वायरस ने एक बार फिर दस्तक दी है। यहां के लालूचक इलाके में रहने वाले एक 65 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी बेटी की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई है। बुजुर्ग की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मायागंज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि उनकी बेटी को कोविड वार्ड में रखा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग मरीज को पिछले 15 दिनों से बुखार, सर्दी, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं थीं। उनका ऑक्सीजन लेवल गिरकर 72 प्रतिशत तक पहुंच गया था। हालांकि, अब उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। यह इस साल का पहला कोरोना संक्रमित मामला बताया जा रहा है।

जेएलएनएमसीएच के मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. राजकमल चौधरी ने बताया कि मरीज ने कहीं बाहर यात्रा नहीं की थी और उन्हें कोविड वैक्सीन की दोनों खुराकें भी लग चुकी थीं। अब सरकारी स्तर पर दोबारा आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी ताकि संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि हो सके।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग संक्रमण फैलने की रफ्तार पर नजर रख रहा है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपील की है कि अगर किसी को बुखार, गले में खराश या सांस लेने में दिक्कत हो, तो तुरंत जांच कराएं। अस्पताल प्रशासन ने अलर्ट मोड पर रहकर स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

अस्पताल अधिकारियों ने यह भी बताया कि 1000 से ज्यादा मरीज ‘लॉन्ग कोविड’ के लक्षण दिखा चुके हैं, इसलिए निरंतर सतर्क रहना जरूरी है। अगर आगे और मरीज मिलते हैं, तो वायरस के वेरिएंट का पता लगाने के लिए सैंपल भेजे जाएंगे।