Bhagalpur में कोरोना के नए मरीज मिलने से अलर्ट, अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड की तैयारी

Bhagalpur: भागलपुर में कोरोना वायरस के नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर में एक 66 साल के बुजुर्ग और उनकी 35 साल की बेटी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद इलाके में

Bhagalpur: भागलपुर में कोरोना वायरस के नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर में एक 66 साल के बुजुर्ग और उनकी 35 साल की बेटी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

जानकारी के मुताबिक, पहले मरीज की आरटी-पीसीआर रिपोर्ट 18 जुलाई 2026 को पॉजिटिव आई थी, जबकि 19 जुलाई को दूसरे मरीज की पुष्टि हुई। 20 जुलाई को दोनों मरीजों को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (JLNMCH) में भर्ती कराया गया। बताया गया कि पहले मरीज की तबीयत 15 जुलाई को बिगड़ी थी, जिसके बाद उनका इलाज पहले एक प्राइवेट क्लिनिक में चला और फिर उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर किया गया।

भागलपुर की जिलाधिकारी (DM) अलंकृता पांडेय ने सिविल सर्जन को जिले के सभी अस्पतालों में पुख्ता इंतजाम करने और निगरानी तेज करने का निर्देश दिया है। JLNMCH के मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. राजकमल चौधरी ने बताया कि दोनों मरीजों की हालत अभी स्थिर है और घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने सावधानी के तौर पर कोविड प्रोटोकॉल लागू कर दिया है और मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है।

अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या की संभावना को देखते हुए 30 बिस्तरों वाला एक नया आइसोलेशन वार्ड बनाने की तैयारी चल रही है। डॉक्टरों ने ओमिक्रॉन के नए वेरिएंट के खतरे की आशंका जताई है। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि जिन लोगों को लंबे समय से बुखार, सर्दी-खांसी या बदन दर्द है और दवाओं से आराम नहीं मिल रहा है, वे अनिवार्य रूप से आरटी-पीसीआर जांच कराएं। आम जनता को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और हाथों की सफाई रखने की सलाह दी गई है।