Bareilly से दिल्ली और नोएडा के लिए फ्लाइट सेवा शुरू, अब 4 शहरों से जुड़ी हवाई कनेक्टिविटी

UP/Bareilly : बरेली के लोगों के लिए हवाई सफर अब और आसान हो गया है। शहर के एयरपोर्ट से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के साथ-साथ अब दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भी फ्लाइट्स शुरू हो गई हैं। दिल्ली के लिए यह सेव

UP/Bareilly : बरेली के लोगों के लिए हवाई सफर अब और आसान हो गया है। शहर के एयरपोर्ट से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के साथ-साथ अब दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भी फ्लाइट्स शुरू हो गई हैं। दिल्ली के लिए यह सेवा करीब ढाई साल के लंबे इंतजार के बाद गुरुवार से दोबारा शुरू हुई है।

बरेली एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल ने बताया कि नोएडा के लिए फ्लाइट्स का संचालन सफल रहा है और गुरुवार से दिल्ली की उड़ानें भी शुरू हो गई हैं। अब बरेली से यात्री नवी मुंबई, बेंगलुरु, नोएडा और दिल्ली जैसे चार बड़े शहरों के लिए हवाई यात्रा कर सकेंगे। आने वाले समय में दक्षिण भारत के शहरों, गोवा और जम्मू के लिए भी फ्लाइट्स चलाने की योजना है, वहीं कुशीनगर के लिए भी जल्द सेवा शुरू होने की उम्मीद है।

दिल्ली रूट पर IndiGo की ATR-2 फ्लाइट चल रही है। यह फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। शेड्यूल के मुताबिक, फ्लाइट दिल्ली से दोपहर 1:35 बजे रवाना होकर 2:35 बजे बरेली पहुंचेगी, जिसके बाद दोपहर 3:00 बजे बरेली से उड़ान भरकर शाम 4:05 बजे दिल्ली पहुंचेगी। गुरुवार को पहली फ्लाइट में दिल्ली से 51 यात्री बरेली आए और 37 यात्री बरेली से दिल्ली गए, हालांकि पहले दिन फ्लाइट करीब 25 मिनट लेट थी।

वहीं, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के लिए फ्लाइट्स बुधवार, 1 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी हैं। यह सेवा हफ्ते में चार दिन यानी सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के नोडल ऑफिसर शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि फ्लाइट्स की संख्या बढ़ने से यात्रियों की भीड़ बढ़ी है, जिसे देखते हुए एयरपोर्ट पर इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा बढ़ा दी गई है। अब मुख्य बस स्टॉप से टर्मिनल तक हर 15 मिनट में शटल बसें चल रही हैं।