UP में भीषण सड़क हादसा, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस ट्रेलर से टकराई, 2 की मौत और 40 घायल
फिरोजाबाद: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक बहुत बड़ा हादसा हो गया। गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। इस टक्कर में बस के ड्राइवर समेत दो लोगों की जान चली गई और करीब
फिरोजाबाद: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक बहुत बड़ा हादसा हो गया। गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। इस टक्कर में बस के ड्राइवर समेत दो लोगों की जान चली गई और करीब 40 यात्री घायल हो गए।
यह घटना फिरोजाबाद जिले के थाना नगला खंगर इलाके में माइल स्टोन-63 के पास रात करीब 1:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर में लोहे के रोल और सरिया लदा हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक गुरी और उसके केबिन में बैठे दलजीत की मौत हो गई, जो दोनों पंजाब के रहने वाले थे।
घटना की जानकारी मिलते ही नगला खंगर पुलिस, UPEIDA की रेस्क्यू टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय और सैफई के पीजीआई में भर्ती कराया गया। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने मामले की जानकारी दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस ड्राइवर को नींद की झपकी आने या तेज रफ्तार की वजह से यह हादसा हुआ होगा। एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने बताया कि राहत कार्य पूरा करने के बाद ट्रैफिक को कार और ओवरटेक लेन के जरिए सुचारु कर दिया गया है। प्रशासन ने सुरक्षित यात्रियों के लिए चंडीगढ़ जाने के लिए दूसरी बसों का इंतजाम किया।