UP में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो बस हादसे, 34 से ज्यादा यात्री घायल; ड्राइवर को आई थी नींद

UP/Unnao : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग बस हादसे हो गए। इन दुर्घटनाओं में करीब 34 से 43 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पहला हादसा

UP/Unnao : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग बस हादसे हो गए। इन दुर्घटनाओं में करीब 34 से 43 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पहला हादसा सुबह करीब 4:40 बजे हुआ, जब दिल्ली से गोंडा जा रही एक स्लीपर बस किलोमीटर संख्या 231 के पास बांगरमऊ थाना क्षेत्र में आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक से टकरा गई। इस टक्कर में 7 से 8 यात्री घायल हुए। इसके ठीक बाद सुबह 4:50 बजे के करीब एक और हादसा हुआ। दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक स्लीपर बस किलोमीटर संख्या 246 पर बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दूसरी दुर्घटना में घायल यात्रियों की संख्या ज्यादा थी, जिसमें करीब 26 से 32 लोग चोटिल हुए। घायलों में नेपाल के दो नागरिक भी शामिल हैं।

क्षेत्राधिकारी (CO) बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि दोनों हादसों की शुरुआती जांच में वजह बस चालकों को नींद की झपकी आना सामने आई है। हादसे की खबर मिलते ही बांगरमऊ और बेहटा मुजावर थाना पुलिस के साथ UPEIDA की बचाव टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बांगरमऊ और अन्य बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्रों में रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात को फिर से सामान्य कर दिया है।